उत्तर प्रदेश उन्नाव : भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने जिला उपाध्यक्ष अनुराग अवस्थी को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी है। चार बार के सभासद रहे अनुराग अवस्थी का नाम जैसे ही घोषित किया गया, समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। पार्टी कार्यालय से घर जाते समय रास्ते में जगह-जगह स्वागत किया और पटाखे फोड़े।
भाजपा के पार्टी कार्यालय में रविवार दोपहर दो बजे चुनाव अधिकारी रामबाबू हरित और राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह पहुंचे। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए लिफाफे को खोला और जिलाध्यक्ष के रूप में अनुराग अवस्थी के नाम की घोषणा की। शहर के सिविल लाइंस निवासी 54 वर्षीय अनुराग अवस्थी वर्तमान में भाजपा जिलाध्यक्ष हैं। पिता जय प्रकाश अवस्थी हैं।
राजनीति शास्त्र से परास्नातक अनुराग अवस्थी के राजनीतिक सफर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से हुई। वह छात्र राजनीति से ही एबीवीपी में सक्रिय रहे। वर्ष 1988 से 1993 तक एबीवीपी में संगठन मंत्री, नगर प्रमुख व जिला प्रमुख रहे। वर्ष 1995 से भाजपा के मुख्य संगठन में जगह मिली और व विभिन्न पदों पर रहे। वर्ष 1995 में ही पहली बार शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र से सभासद चुने गए। 2017 तक नगर पालिका परिषद उन्नाव के सदस्य निर्वाचित हुए। वह भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष और दो बार मुख्य संगठन में महामंत्री भी रह चुके हैं। एक बार जिला संयोजक का दायित्व भी निभा चुके हैं।
( मैट्रो सीमेंट आर्टिकल रेडीमेड दीवार के लिए सम्पर्क करें – 9935597757, 9839713287, सर्विस दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, )
2018 निकाय चुनाव में पत्नी को लड़ाया था अध्यक्ष का चुनाव
वर्ष 2018 के निकाय चुनाव में अनुराग अवस्थी ने पत्नी अमिता अवस्थी को भाजपा के टिकट पर नगर पालिका परिषद उन्नाव से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ाया था। हालांकि चुनाव में उन्हें हार मिली थी। लेकिन वह लगातार संगठन में सक्रिय रहकर पार्टी को मजबूत करते रहे। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और ईमानदारी को देखते हुए पार्टी हाईकमान ने जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी के लिए दिन-रात करेंगे काम, अनुराग अवस्थी
उन्नाव। पार्टी कार्यालय में नाम का ऐलान होने के बाद नवनिर्वाचित भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि वह पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी, पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और सभी को साथ लेकर संगठन को और आगे बढ़ाने का काम करेंगे। इस दौरान उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, विधायक पंकज गुप्ता, बृजेश रावत, अनिल सिंह, बंबालाल दिवाकर, आशुतोष शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी, प्रभान शंकर दीक्षित, भाजपा नेत्री ममता सिंह, उन्नाव बार एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष सतीश शुक्ला, संजीव त्रिवेदी आदि ने बधाई दी।
कई प्रबल दावेदारों की उम्मीदें धूमिल
जिलाध्यक्ष पद के लिए अवधेश कटियार, मनोज निगम, राजकिशोर रावत, सरोज सिंह चौहान, संजय शुक्ला, नूतन सिंह, वाणीकांत द्विवेदी, अचलगंज के आनंद अवस्थी, सोनी अशोक शुक्ला, विमला कुरील सहित 45 भाजपाइयों ने नामांकन कराया था। सभी अपने जीत के दावे कर रहे थे। हालांकि रविवार को अनुराग अवस्थी के नाम की घोषणा होते ही अन्य सभी को निराशा हाथ लगी।
भाजपा ने 19 साल बाद दिया ब्राह्मण अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी में 19 साल बाद ब्राह्मण को संगठन की कमान सौंपी गई है। इससे पहले 2006 में प्रभान शंकर दीक्षित को पार्टी ने जिलाध्यक्ष बनाया था। इसके बाद से लगातार पिछड़ा और अनुसूचित जाति के ही कार्यकर्ता पर विश्वास जताया गया। जिले के जातिगत आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में कुल सवर्ण वोटरों की संख्या लगभग 6.10 लाख है। इनमें सबसे ज्यादा ब्राह्मण मतदाता हैं, जिनकी संख्या 2.65 लाख के आसपास है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शीर्ष नेतृत्व ने अनुराग अवस्थी की सरलता और जाति वर्ग से ऊपर उठकर सिर्फ पार्टी के लिए काम करने और संगठन से लेकर जनप्रतिनिधियों से सीधी पहचान और उनके साथ सामंजस्य बनाकर काम करने को प्राथमिकता दी।